बंगाल की खाड़ी में साल 2020 का पहला चक्रवात एम्फन सुपर साइक्लोन में तब्दील हो गया है। मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट skymetweather के अनुसार पिछले 20 साल में बंगाल की खाड़ी में उठने वाले चक्रवाती तूफानों में यह तूफान सबसे भीषण चक्रवात है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्सों में उथल-पुथल मची हुई है और हवा की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। इसके साथ समुद्र में 275 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
एम्फन जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है ओडिशा और तटीय पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों में हवा उग्र होती जा रही है। तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय ओडिशा, तटीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में अब से लेकर तूफान के टकराने तक हवा की रफ्तार बढ़ती ही रहेगी। जल्द ही ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय भागों और पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ जगहों पर 50-60 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलने का अनुमान है।